Corona Crisis Updates : महाराष्ट्र में कोविड से रिकॉर्ड मौतें, 24 घंटे में करीब 1000 लोगों की गई जान
Corona Crisis Updates: विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) का कहना है कि कोरोना के जिस स्वरूप (स्ट्रेन) ने भारत में कहर ढाया है, वही स्वरूप दुनिया के 12 से ज्यादा देशों में पाया गया है। स्वास्थ्य एजेंसी का कहना है कि कोविड-19 का स्वरूप बी.1.617 पहली बार भारत में मिला। अमेरिका के शीर्ष महामारी विशेषज्ञ एवं ह्वाइट हाउस के चीफी मेडिकल अधिकारी डॉक्टर एंथनी फौसी का कहना है कि भारत की स्वदेश निर्मित कोरोना वैक्सीन कोवाक्सिन कोविड-19 के 617 प्रकारों को निष्प्रभावी करने में कारगर पाई गई है।
महाराष्ट्र में 29 अप्रैल को कोविड से रिकॉर्ड मौतें हुई है। यहां आज रिकॉर्ड 63,309 नए केस सामने आए हैं और 24 घंटे में 985 लोगों की मौत हुई है। जब से महामारी आई है तब से आज एक दिन अधिकतम लोगों की जानें गई हैं।
टेस्ट : 2,73,12
पीआर : 23.17%
सीएफआर : 1.5%
18 साल से 45 साल तक के लोगों के लिए कोरोना वैक्सीन लगाने के लिए 28 अप्रैल को शाम 4 बजे से रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। मात्र तीन घंटे (शाम 4 बजे से रात 7 बजे तक) में Co-WIN पर 79,65,720 रजिस्ट्रेशन हुए हैं। इसमें ज्यादातर 18-44 आयु वर्ग के हैं। आरएस शर्मा ने ट्वीट किया कि प्रति सेकंड 55,000 हिट्स का ट्रैफिक देखा है। उम्मीद के मुताबिक सिस्टम काम कर रहा है।
राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत की पत्नी कोरोना पॉजिटिव हो गई हैं। सीएम गहलोत ने खुद को आइसोलेट कर लिया है। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। मेरी पत्नी श्रीमती सुनीता गहलोत कोविड पॉजिटिव आ गई हैं (असिम्प्टोमैटिक)। प्रोटोकॉल के अनुसार होम आइसोलेशन में उनका ट्रीटमेंट प्रारम्भ हो गया है। अब मैं एहतियातन आइसोलेशन में रहकर चिकित्सकों एवं अधिकारियों के साथ सांय 8.30 बजे रोजाना होने वाली कोविड समीक्षा बैठक लूंगा।
बिहार सरकार ने नए दिशा-निर्देशों की घोषणा की सभी दुकानें शाम 4 बजे बंद हो जाएंगी। शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू रहेगा।
सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) ने राज्य सरकारों को उपलब्ध कराए जाने वाले अपने टीके की कीमत में 100 रुपए की कमी की है। राज्यों को कोविशील्ड टीके की एक डोज अब 400 रुपए की जगह 300 रुपए में मिलेगी। एसआईआई के सीईओ अडार पूनावाला ने इसे लोगों के हित में में लिया गया फैसला बताया है। नई कीमत तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बुधवार को कहा कि राज्य में 30 अप्रैल के बाद भी 15 दिनों के लिए लॉकडाउन बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की अध्यक्षता में हुई बैठक में मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों ने लॉकडाउन बढ़ाने की मांग की। टोपे ने कहा, ‘इसे (लॉकडाउन को) 15 दिनों के लिए बढ़ाया जाएगा।’गौरतलब है कि महाराष्ट्र में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर राज्य सरकार ने चार अप्रैल को 30 अप्रैल तक सप्ताहांत लॉकडाउन और कार्यदिवसों में रात को लोगों की आवाजाही रोकने के लिए रात्रि कर्फ्यू लगाया था।
कोरोना वायरस से संक्रमित होने के खतरे के कारण इस वक्त जब लोग अपने रिश्तेदारों, दोस्तों और पड़ोसियों के अंतिम दर्शन तक नहीं कर रहे हैं, उस वक्त नागपुर के कुछ लोग हैं जो शवों को अर्थी पर रखा श्मशान घाट ले जा रहे हैं और सामाजिक दायित्व मानते हुए उनका अंतिम संस्कार कर रहे हैं। महाराष्ट्र के अन्य जिलों की ही तरह नागपुर में भी महामारी का प्रकोप बढ़ रहा है और मृतक संख्या बढ़ती जा रही है, ऐसे में, सामान्य तौर पर लोग अंतिम संस्कारों में शामिल होने से बच रहे हैं, यहां तक कि उन मामलों में भी जहां मृतक कोविड-19 के मरीज नहीं हैं। हालांकि, छोटे परिवारों को इस भय के मनोविकार का दंश झेलना पड़ रहा है जो अपने प्रियजनों के अंतिम संस्कार के लिए लोगों को जुटा पाने में संर्घष कर रहे हैं। ऐसे समय में, इको फ्रेंडली लिविंग फाउंडेशन (ईईएलएफ) के विजय लिमये ऐसे लोगों की मदद के लिए सामने आए हैं जो प्रियजनों के अंतिम संस्कार के संकट में फंसे हैं।
देश में कोरोना के हालात गंभीर हो गए हैं। बुधवार को बीते 24 घंटे में 3293 लोगों की मौत हो गई। अस्पतालों में अभी भी ऑक्सीजन की कमी बनी हुई है। इस गंभीर हालत के बीच गृह मंत्री अमित शाह कोरोना पर बैठक कर स्थिति की समीक्षा करेंगे। यह बैठक आज शाम चार बजे होने वाली है। बैठक में कोरोना संक्रमण पर रोक लगाने के लिए नई रणनीति पर चर्चा हो सकती है।
गोवा की सरकार ने 29 अप्रैल से तीन मई की सुबह तक लॉकडाउन लगाने की घोषणा की है। इस दौरान जरूरी और औद्योगिक सेवाओं जारी रहेंगी। सार्वजनिक परिवहन, कैसिनो, होटल, पब पर पाबंदी लगाई गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरी सेवाओं के आवागमन के लिए राज्य की सीमा खुली रहेगी।
जयपुर के एक निजी अस्पताल में कोरोना वायरस से संक्रमित चार मरीजों की मौत के बाद उनके परिजनों ने मंगलवार देर रात अस्पताल में हंगामा किया। पुलिस के एक अधिकारी ने इस बारे में बताया। वहीं, परिजनों ने मरीजों की मौतों के लिए अस्पताल प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। कालवाड़ थाना के प्रभारी गुरुदत्त सैनी ने कहा, ‘मंगलवार रात अस्पताल में कोरोना वायरस से संक्रमित चार मरीजों की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध रहने के बावजूद सिलेंडर बदलने के लिए कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था जिससे उनकी मौत हुई।’अधिकारी ने कहा, "परिवार के सदस्यों ने अस्पताल में हंगामा किया। बाद में उन्हें शांत कराया गया। इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।’ उन्होंने कहा कि अस्पताल में भैरूंलाल प्रजापत, महेंद्र सिंह, शहादत अली और बृजेश की मौत हो गई।
देश में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 3,60,960 नए केस सामने आए जबकि इस दौरान 3293 लोगों की मौत हुई। वहीं, उपचार के बाद 2,62,162 लोग ठीक हुए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक इसके साथ ही देश में संक्रमण की कुल संख्या बढ़कर 1,79,97,267 हो गई है। अब तक इस महामारी से 1,48,17,371 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 2,01,187 लोगों की जान गई है। देश में अभी एक्टिव केस की संख्या 29,78,709 है।
काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने मंगलवार को अपने नागरिकों को सलाह दी कि वे किसी तीसरे देश में जाने के लिए नेपाल रुकने से बचें। नेपाल ने कोरोना वायरस संक्रमण से निपटने के लिए ऐसे विदेशी नागरिकों के आने पर प्रतिबंध लगा दिया है, जो किसी अन्य देश जाने के रास्ते में नेपाल में रुकते हैं। यह प्रतिबंध 28 अप्रैल से अगले आदेश तक लागू होगा। भारतीय दूतावास ने इसी अधिसूचना के हवाले से अपने नागरिकों को सलाह दी है कि वे किसी तीसरे देश जाने के लिए नेपाल आने से बचें।
भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को आरोप लगाया कि महाराष्ट्र सरकार आंकड़ों का मिलान करने के नाम पर कोविड-19 से रोजाना हो रही मौत संबंधी वास्तविक संख्या छुपा रही है। महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता फडणवीस ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लिखे पत्र में आरोप लगाया कि सरकार राज्य में हर रोज कोविड-19 के कारण हो रहीं लोगों की मौत की वास्तविक संख्या को अपने आधिकारिक आंकड़े में देरी से जोड़ रही है।
संकट के वक्त भारत का साथ देते हुए अमेरिकी सांसदों ने कोविड-19 से जूझ रहे लोगों की जान बचाने के वास्ते हरसंभव मदद करने के लिए राष्ट्रपति जो बाइडन की तारीफ की तथा उनसे और अधिक प्रयास करने का अनुरोध किया। सांसद एवं सदन की विदेश मामले की समिति के वरिष्ठ सदस्य ब्रैड शर्मन ने मंगलवार को कहा, ‘अमेरिका का हमारे सहयोगी भारत की मदद करने का नैतिक दायित्व है जो कोविड-19 की गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। हमें यह सुनिश्चित करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाना चाहिए कि भारतीय लोगों को सभी सहायता मिले जिनकी उन्हें इस संकट के दौरान आवश्यकता है।’

5 Comments
Nice
ReplyDeleteAll ok
ReplyDeleteNice 👍🙂👍👍
ReplyDeleteYa nice
ReplyDeleteOk 👌
ReplyDelete